धर्मशाला, 07 सितंबर (Udaipur Kiran) । उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर में शहीदों की यादों को तरोताजा रखने के लिए युद्ध स्मारक का निर्माण किया जाएगा इस के लिए भूमि चिह्न्ति कर ली गई है। रविवार को शाहपुर ब्लाक पूर्व सैनिक सैल की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को वीर भूमि होने का श्रेय प्राप्त करने में हिमाचल के वीर सपूतों का अभूतपूर्व योगदान रहा है। जब भी देश को आवश्यकता हुई है, यहां के वीर जवानों ने अभूतपूर्व सैन्य परम्पराओं का निर्वहन करते हुये अपने साहस और पराक्रम का परिचय दिया है, यहां तक कि अपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं रहे हैं। कारगिल युद्ध में हिमाचल के 52 वीरों ने अपने प्राण देश के लिये न्योछावर किये हैं, जिनमें से 15 वीर सैनिक कांगड़ा जिले से थे। स्वतन्त्रता प्राप्ति से आज तक हिमाचल के लगभग 1728 वीरों ने अपने प्राण देश के लिये न्योछावर किये हैं।
उन्होंने कहा कि इस छोटे से पहाड़ी प्रदेश के 04 जाबांज सैनिकों को परम वीर चक्र, 02 को अशोक चक्र, 10 को महावीर चक्र तथा 25 को कीर्ति चक्र जैसे शौर्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसके अतिरिक्त 1162 सैनिक विभिन्न पदकों द्वारा सम्मानित हैं। इनमें से जिला कांगड़ा के 02 परम वीर चक्र (मेजर सोमनाथ शर्मा व कैप्टन विक्रम बतरा), 01 अशोक चक्र, 04 महावीर चक्र, 12 कीर्ति चक्र, 18 वीर चक्र, 30 शौर्य चक्र व 374 सैनिक विभिन्न पदकों द्वारा सम्मानित हैं।
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने इस अवसर पर उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं एवं वीर नारियों को सम्मानित भी किया गया जिसमें विशिष्ट सेवा मैडल विजेता कर्नल जय सिंह, वीर नारियों पिंकी देवी, सावित्री देवी, सोमा देवी तथा सिंदूर आपरेशन के शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार की धर्मपत्नी सुषमा देवी, साधना देवी, तथा शहीद राकेश के भाई को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सुनिता बोहरा ने ‘शहीद की मां’ कविता सुनाकर सबको भाव विभोर किया। वहीं विशिष्ट सेवा मैडल से अलंकृत जय सिंह ने अपने सैन्य अनुभवों को सबके साथ सांझा किया वहीं सावित्री देवी ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति भी दी। चंगर पूर्व सैनिक सैल ने आपदा राहत कोष के लिए 50 हजार की राशि भी भेंट की।
(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया
You may also like
पटना में RJD नेता राजकुमार राय की गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने दौड़ाते हुए मारी 6 गोलियां, आरोपी फरार
कांग्रेस के भीतर का मतभेद खुलकर आया सामने, बिलासपुर की सभा में मंच पर माइक छीने जाने का वीडियो वायरल
राजू खेर का 68वां जन्मदिन, भाई अनुपम खेर ने दी भावुक बधाई
धोखाधड़ी मामले में भगोड़े मुनव्वर खान को कुवैत से भारत वापस लाया गया
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में गेंदों के हिसाब से पांच सबसे बड़ी जीत, एशिया कप का भारत-यूएई मैच भी शामिल